Ai Overviewइस खबर का सार देखने के लिए टैप करेंबंद करने के लिए टैप करें
- Madhya Pradesh Fire News: दीवाली की रात खुशियां मातम में बदल गईं।
- प्रदेश के सिवनी और कटनी में आग लगने से दो बड़े हादसे हुए, जिनमें कुल 12 लोगों ने जान गंवा दी।
- यहां महावीर वार्ड में कुंदन सोनी के घर में रात करीब 3 बजे आग लग गई।
- इंदौर में आधा दर्जन से ज्यादा जगहों पर आग
Madhya Pradesh Fire News: दीवाली की रात खुशियां मातम में बदल गईं। प्रदेश के सिवनी और कटनी में आग लगने से दो बड़े हादसे हुए, जिनमें कुल 12 लोगों ने जान गंवा दी। पहली घटना सिवनी के छपारा इलाके में हुई। यहां महावीर वार्ड में कुंदन सोनी के घर में रात करीब 3 बजे आग लग गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सही-सलामत बाहर निकाल लिया गया।
कटनी में एक ही परिवार के 6 लोगों ने तोड़ा दम
उधर, कटनी के बरही में भी आग ने भारी तबाही मचाई। यहां एक तीन मंजिला इमारत में चल रही क्रॉकरी की दुकान में आग लग गई। हादसे के समय की जानकारी को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में आग रात 12 बजे लगना बताया गया है, तो वहीं कलेक्टर के मुताबिक यह हादसा रात 12:30 बजे हुआ। इस भीषण आग में पूरन अग्रवाल (77), चंद्रकला, पूनम, आर्या (14), अन्वी (6) और एक 2 महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दीवारें तोड़ने के लिए जेसीबी का सहारा लिया गया और सुबह 4:30 से 5 बजे के बीच सभी शव बाहर निकाले जा सके। रेस्क्यू के दौरान फायर ब्रिगेड की पाइप में कुछ तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं।
इंदौर में आधा दर्जन से ज्यादा जगहों पर आग
दीवाली की रात इंदौर में भी स्थिति काफी तनावपूर्ण रही। शहर में आधा दर्जन से ज्यादा जगहों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। स्कीम-54 में एक फ्लैट, सरवटे बस स्टैंड पर टायर, खजराना में फर्नीचर वेयरहाउस और परदेशीपुरा में कपड़े की दुकान आग की चपेट में आ गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इंदौर में कोई जनहानि नहीं हुई। इसी बीच, सावधानी बरतते हुए मंगलिया पेट्रोलियम डिपो पर फायर सेफ्टी टीम तैनात रही और वहां ऊंचे पटाखे चलाने पर मनाही थी।
जांच में जुटे अधिकारी
जंजगीर-चंपा में भी गोविंद ऑटो पार्ट्स और गैरेज में आग लगने से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया और आग पड़ोसी घर तक फैल गई। फिलहाल सभी घटनाओं की जांच चल रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट, पटाखों की चिंगारी या घर में जलाए गए दीयों में से कुछ भी हो सकती है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।

भूपेंद्र बिसेन Pravah Times के लेखक हैं। वे मध्य प्रदेश से जुड़ी स्थानीय खबरों और जनहित से जुड़े विषयों पर कंटेंट तैयार करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल भाषा में सटीक और उपयोगी जानकारी पहुंचाना है।
