इंदौर संभाग ने सम्पूर्णता अभियान में चमकाया नाम, छह जिलों को मिले 10 मेडल

महिलाओं के आर्थिक विकास, स्वास्थ्य और कृषि जैसे छह प्रमुख संकेतकों (इंडिकेटर्स) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर इंदौर संभाग के छह जिलों को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ है। सम्पूर्णता अभियान के तहत इन जिलों ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए अपनी सक्रियता और कार्यकुशलता का परिचय दिया। इसी उपलब्धि के लिए भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अधिकारियों को सम्मानित किया।

महिलाओं और जनजातीय समाज पर विशेष फोकस

केंद्र और राज्य शासन के संयुक्त प्रयासों से 4 जुलाई से 30 सितम्बर तक आकांक्षी जनपदों में चलाए गए इस विशेष अभियान में महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक सशक्तिकरण और कृषि आधारित गतिविधियों पर खास ध्यान दिया गया। इसके अलावा जनजातीय समाज में हाई बीपी और मधुमेह की जांच जैसी स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्राथमिकता दी गई।

10 मेडल्स में इंदौर संभाग की बड़ी जीत

इंदौर संभाग ने कुल 10 मेडल्स हासिल किए, जिनमें 3 गोल्ड, 1 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

  • गोल्ड मेडल – बड़वानी जिले की पाटी जनपद, धार जिले की तिरला जनपद और खंडवा जिले की छैगांव जनपद

  • सिल्वर मेडल – अलीराजपुर जिले की कट्ठीवाड़ा जनपद

  • ब्रॉन्ज मेडल – झाबुआ जिले की मेघनगर, रामा और राणापुर जनपद, झाबुआ की थांदला जनपद तथा खरगोन जिले की भगवानपुरा और झिरन्या जनपद

कलेक्टर्स को मिली विशेष सराहना

कार्यक्रम में तात्कालिक और वर्तमान दोनों कलेक्टर्स को बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मेडल्स के साथ स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

  • बड़वानी जिले के तत्कालीन कलेक्टर डॉ. राहुल हरिदास फटिंग और वर्तमान कलेक्टर गुंचा सनोबर।

  • खंडवा जिले के तत्कालीन कलेक्टर अनूप कुमार सिंह और वर्तमान कलेक्टर ऋषव गुप्ता।

  • धार जिले के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा।

इन सभी को गोल्ड मेडल प्रदान कर उनकी टीम भावना और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की सराहना की गई।

सम्भागायुक्त ने दी बधाई

इंदौर सम्भागायुक्त दीपक सिंह ने छह जिलों के कलेक्टर्स और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस अभियान से यह स्पष्ट है कि यदि योजनाओं को गंभीरता और समर्पण के साथ लागू किया जाए तो आकांक्षी जनपदों में भी अभूतपूर्व विकास संभव है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *