Blog

  • Barwani electricity news: 20 फरवरी को बड़वानी में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक

    बड़वानी विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण हेतु विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक का आयोजन 20 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह बैठक एस.टी.एम. कार्यालय, बड़वानी में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी।

    बैठक में विद्युत बिल, मीटर, वोल्टेज, अधिक बिलिंग, त्रुटिपूर्ण रीडिंग तथा अन्य विद्युत संबंधी लंबित प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी। ऐसे सभी उपभोक्ता जिनकी शिकायतें लंबित हैं, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर मंच के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

    शिकायत दर्ज करने हेतु आवेदन फार्म संभागीय कार्यालय, ओल्ड पावर हाउस, रणजीत क्लब के पीछे, बड़वानी से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।

    बड़वानी से जुड़ी अन्य ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए   Barwani News सेक्शन देखें।

  • NABARD meeting Alirajpur: अलीराजपुर में नाबार्ड की बैंकर्स मीटिंग व ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    NABARD meeting Alirajpur,: अलीराजपुर सहकारिता विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला प्रबंधक झाबुआ/अलीराजपुर द्वारा होटल महाराजा, अलीराजपुर में बैंकर्स मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक के अंतर्गत एक दिवसीय ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम एवं संवेदीकरण बैठक भी संपन्न हुई।

    कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित पास्को एक्ट विशेषज्ञ श्री निर्मल ने कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थलों पर लैंगिक अपराधों की रोकथाम के लिए आंतरिक समिति गठन करने का सुझाव दिया तथा महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

    बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री श्याम पाटीदार ने बैंक प्रतिनिधियों से अपील की कि वे जिले में अधिक से अधिक लोगों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाएं, ताकि शासन की योजनाओं और अनुदानों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। उपायुक्त सहकारिता श्री जी.एल. सोलंकी ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक झाबुआ के अधिकारियों से केसीसी ऋण का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

    कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा अलीराजपुर के शाखा प्रबंधक ने बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। बैठक में नाबार्ड जिला प्रबंधक श्री नरेंद्र मोहिते सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी, शाखा प्रबंधक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    अलीराजपुर से जुड़ी अन्य ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Alirajpur News सेक्शन देखें।

  • Barwani wildlife update: बड़वानी में 20 व 22 फरवरी को होगी प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना, वन विभाग ने की तैयारी

    Barwani wildlife update: बड़वानी वन विभाग द्वारा मध्यप्रदेश में प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना का कार्य 20 फरवरी और 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह गणना प्रदेश के सभी 63 वन मंडलों में एक साथ संपन्न होगी। बड़वानी जिले में भी वन अमले द्वारा इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    वन विभाग के अनुसार गिद्धों की पहचान और प्रजातिवार गणना एक तकनीकी प्रक्रिया है, जिसे प्रशिक्षित क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से किया जाएगा। गिद्ध पारिस्थितिक तंत्र में सफाईकर्मी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और मृत पशुओं के अवशेषों को नष्ट कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं।

    जानकारी के मुताबिक वर्ष 1990 से 2003 के बीच गिद्धों की संख्या में लगभग 98 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी। विशेषज्ञों के अनुसार पशुओं को दी जाने वाली दर्दनिवारक दवा डायक्लोफ्नेक इसके प्रमुख कारणों में शामिल रही है। इस दवा से उपचारित पशु के शव को खाने पर गिद्धों की मृत्यु हो जाती है। वहीं मेलोक्सिकैम दवा को गिद्धों के लिए सुरक्षित माना गया है।

    विश्वभर में गिद्धों की 23 प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से 9 प्रजातियां भारत में और 7 प्रजातियां मध्यप्रदेश में देखी जाती हैं। प्रदेश में गिद्ध गणना का कार्य वर्ष 2016 से प्रारंभ हुआ, जिसे शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन सत्र में वर्ष में दो बार आयोजित किया जाता है।

    आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2016 में प्रदेश में 7057 गिद्ध दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2024 की गणना में यह संख्या बढ़कर 10845 हो गई है। गिद्ध गणना का मुख्य उद्देश्य उनकी आबादी के रुझान समझना, स्वास्थ्य का आकलन करना और संरक्षण योजनाओं को प्रभावी बनाना है।

    वन विभाग का कहना है कि यह पहल गिद्धों की घटती संख्या को नियंत्रित करने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    बड़वानी से जुड़ी अन्य ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए   Barwani News सेक्शन देखें।

  • Alirajpur news: अलीराजपुर में पीएम श्रम योगी मानधन योजना की जानकारी, असंगठित श्रमिकों को मिलेगी 3 हजार रुपये मासिक पेंशन

    Alirajpur news: अलीराजपुर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पीएमएसवायएम) संचालित की जा रही है। श्रम पदाधिकारी अलीराजपुर ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर आजीवन 3 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी।

    श्रम विभाग के अनुसार 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे श्रमिक, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये तक है और जो ईपीएफ, एनपीएस या ईएसआईसी जैसी योजनाओं का लाभ नहीं ले रहे हैं, वे इस योजना में पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।

    जिले के आंगनवाड़ी सहायिका, आशा कार्यकर्ता, कोटवार, सफाईकर्मी एवं दैनिक वेतनभोगी श्रमिक इस योजना के लिए पात्र हैं। योजना के अंतर्गत आयु के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये तक मासिक अंशदान करना होता है। श्रमिक द्वारा जमा की गई राशि के बराबर अंशदान केंद्र सरकार भी जमा करती है।

    श्रम विभाग ने पात्र श्रमिकों से योजना का लाभ लेने की अपील की है, ताकि उन्हें वृद्धावस्था में आर्थिक संबल मिल सके।

    बड़वानी से जुड़ी अन्य ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए   Barwani News सेक्शन देखें।

  • ramzan start date: चांद रात से ईद तक पूरी जानकारी सेहरी इफ्तार टाइमिंग भारत यूएई यूके

    ramzan start date: पवित्र महीना Ramadan 2026 अब करीब है और दुनिया भर के मुसलमान इस बरकत वाले महीने के स्वागत की तैयारी में जुट गए हैं। उम्मीद है कि यह पाक महीना 18 या 19 फरवरी 2026 के आसपास चांद दिखने के बाद शुरू होगा। चांद की तस्दीक के साथ ही रोजों का सिलसिला शुरू होगा और लगभग 29 या 30 दिन बाद यह महीना खुशियों के त्योहार ईद उल फितर पर खत्म होगा। यह महीना सिर्फ भूखे प्यासे रहने का नाम नहीं बल्कि सब्र इबादत और इंसानियत का असली सबक सिखाने का समय है।

    Ramadan 2026 कब से शुरू होगा और क्यों खास है

    इस्लामिक कैलेंडर चांद पर आधारित होता है इसलिए हर साल रमजान की तारीख बदलती रहती है। 2026 में यह महीना फरवरी के मध्य में आने की संभावना है। चूंकि इस बार रमजान गर्मियों की बजाय बसंत के मौसम के करीब आ रहा है इसलिए कई देशों में रोजे की अवधि पिछले कुछ सालों की तुलना में थोड़ी कम रहेगी। यह बात रोजेदारों के लिए राहत भरी हो सकती है।

    रमजान का महीना आत्मशुद्धि और खुदा के करीब होने का मौका देता है। इस दौरान लोग नमाज कुरआन की तिलावत और जरूरतमंदों की मदद पर खास ध्यान देते हैं।

    Ramadan 2026 में रोजा कैसे रखा जाएगा

    रमजान में हर दिन रोजा सुबह फजर से पहले शुरू होता है। फजर से पहले जो खाना खाया जाता है उसे सहरी कहते हैं। इसके बाद सूरज डूबने तक कुछ भी खाना पीना या धूम्रपान करना मना होता है। शाम को सूर्यास्त के समय मगरिब की अजान के साथ रोजा खोला जाता है जिसे इफ्तार कहा जाता है।

    रोजा सिर्फ भूख प्यास से बचने का नाम नहीं है बल्कि बुरे ख्यालात और गलत कामों से खुद को दूर रखने का भी नाम है। यह महीना इंसान को अंदर से मजबूत बनाता है।

    दुनिया भर में Ramadan 2026 के रोजे की अवधि

    चूंकि 2026 में रमजान बसंत विषुव के आसपास होगा इसलिए ज्यादातर देशों में दिन और रात का समय लगभग बराबर रहेगा। इसी कारण रोजे की अवधि भी दुनिया के कई हिस्सों में करीब करीब समान होगी।

    यूरोप और उत्तर अमेरिका के कई शहरों में रोजे लगभग 12 से 13 घंटे के हो सकते हैं। यूनाइटेड किंगडम में यह अवधि कुछ जगहों पर 14 से 16 घंटे तक जा सकती है।

    मध्य पूर्व और यूएई जैसे इलाकों में रोजे लगभग 12 से 13 घंटे के रहने की संभावना है और इफ्तार शाम के शुरुआती समय में होगा।

    भारत और दक्षिण एशिया में रोजे लगभग 12 से 14 घंटे के बीच रह सकते हैं। इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में भी रोजे करीब 12 से 13 घंटे के होंगे।

    दक्षिणी गोलार्ध के देशों जैसे चिली और न्यूजीलैंड में शुरुआत में रोजे 14 से 15 घंटे तक हो सकते हैं लेकिन महीने के अंत तक समय में बदलाव आएगा।

    India UAE UK में Sehri और Iftar का संभावित समय

    शहर और तारीख के अनुसार सहरी और इफ्तार का समय बदलता है। 2026 के अनुमान के अनुसार दुबई में सहरी लगभग सुबह साढ़े पांच बजे तक खत्म हो सकती है और इफ्तार शाम करीब सवा छह बजे के आसपास हो सकता है।

    नई दिल्ली में सहरी लगभग पांच बजकर पैंतीस मिनट तक और इफ्तार करीब छह बजकर पंद्रह या बीस मिनट पर हो सकता है।

    लंदन में सहरी लगभग साढ़े पांच बजे तक और इफ्तार करीब पांच बजकर पचास मिनट पर हो सकता है।

    ये समय अनुमानित हैं और सही समय के लिए स्थानीय मस्जिद या इस्लामिक कैलेंडर देखना जरूरी होता है।

    Eid ul Fitr 2026 की खुशियां

    करीब एक महीने के रोजों के बाद चांद दिखाई देने पर ईद उल फितर मनाई जाएगी। यह दिन अल्लाह का शुक्र अदा करने और अपनों के साथ खुशियां बांटने का होता है। लोग नए कपड़े पहनते हैं नमाज अदा करते हैं और एक दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद देते हैं।

    रमजान हमें सब्र सिखाता है और ईद हमें खुशी बांटना सिखाती है। यही इस पाक महीने का असली मकसद है।

  • Keramla news: सरकारी राशन के दुरुपयोग पर कार्रवाई, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज

    Keramla news: महिला एवं बाल विकास विभाग तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम चिलारिया से आवंटित सरकारी गेहूं के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई की गई है। सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम केरमला में दबिश देकर एक दुकान के बाहर से 02 सीलबंद बोरे बरामद किए, जिनका कुल वजन 102 किलोग्राम पाया गया।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद गेहूं माँ सप्तश्रृंगी स्व-सहायता समूह को आवंटित था। पीओएस मशीन के रिकॉर्ड एवं भौतिक सत्यापन के दौरान विसंगतियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार, गेहूं को निजी लाभ के लिए बाजार में बेचने के उद्देश्य से भेजा गया था। जब्त किए गए अनाज की अनुमानित कीमत 2,346 रुपये आंकी गई है।

    इस मामले में पुलिस ने संबंधित आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में वरला नायब तहसीलदार श्री संतोष कोठारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सेंधवा श्रीमती लाली खराड़ी तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी वरला श्रीमती गीता डावर शामिल रहे। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक श्री महताब सिंह चौहान द्वारा की जा रही है।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े मामलों में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

  • Alirajpur administration update: अलीराजपुर जिला पंचायत को मिली नई सीईओ, आईएएस संघमित्रा गौतम की पदस्थापना

    Alirajpur administration update: सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी नवीन पदस्थापना आदेश के तहत आईएएस 2016 बैच की अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अलीराजपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।

    13 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार श्रीमती गौतम अब जिला पंचायत अलीराजपुर में सीईओ के रूप में दायित्व संभालेंगी। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जिला पंचायत स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

    राज्य शासन द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना के क्रम में यह आदेश जारी किया गया है।

  • Maha shivarati 2026: महाशिवरात्रि पर उज्जैन में बाबा महाकाल की भस्मारती संपन्न , 44 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट

    Maha shivarati 2026: उज्जैन महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का विशेष भस्मारती समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर के पट प्रातः 2.30 बजे खोले गए, जो लगातार 44 घंटे तक खुले रहेंगे। प्रशासन को इस दौरान लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु आने की संभावना है।

    महाशिवरात्रि पर सुबह विशेष पंचामृत अभिषेक के साथ भगवान महाकाल का पूजन किया गया। पंचामृत में दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अभिषेक के बाद चंदन लेप एवं सुगंधित द्रव्यों से श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात भस्मारती संपन्न हुई। झांझ, मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच हुई आरती के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

    बाबा महाकाल को उनकी प्रिय विजया से श्रृंगारित कर श्वेत वस्त्र धारण कराए गए। दिनभर विभिन्न पूजन-अभिषेक, दद्योदक आरती और भोग आरती का क्रम चलता रहा। शाम को विशेष पंचामृत पूजन एवं संध्या आरती आयोजित की गई।

    महाशिवरात्रि के अगले दिन भगवान का सेहरा श्रृंगार किया जाएगा, जो वर्ष में केवल एक बार होता है। सेहरे को प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है। 16 फरवरी 2026 को प्रातः सेहरा दर्शन के उपरांत दोपहर 12 बजे विशेष भस्मारती और शिवनवरात्रि पारणा संपन्न होगा।

    मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

  • Rawji Bazar Indore news: इंदौर में पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या, बच्चों के सामने उठाया कदम

    Rawji Bazar Indore news: इंदौर शहर के रावजी बाजार क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के समय उसके बच्चे भी घर में मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

    पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनोज जाटव के रूप में हुई है, जो एक होटल में कुक का कार्य करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात पत्नी से विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक तंगी से भी गुजर रहा था, जिससे घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

    घटना के दौरान बच्चों ने पिता को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Dhanora Barwani news: बड़वानी के धनोरा में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

    Dhanora Barwani news: बड़वानी, कलेक्टर जयति सिंह के मार्गदर्शन में ग्राम धनोरा, तहसील बड़वानी में अवैध खनिज रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आकस्मिक जांच की गई। यह कार्रवाई खनिज विभाग बड़वानी द्वारा की गई।

    जांच के दौरान 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर कलेक्टरेट कार्यालय परिसर बड़वानी की सुरक्षा में खड़ा किया गया है।

    इस संबंध में कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहने की जानकारी दी गई है।