Indore encroachment: इंदौर में फिर चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान सड़कों से हटेंगे कब्जे

Indore encroachment: इंदौर में सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक परेशानी को देखते हुए नगर निगम अब फिर से अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू करने जा रहा है। गुरुवार को हुई बैठक में इसकी रणनीति बनाई गई और तय हुआ कि ट्रैफिक के लिए जरूरी मार्गों से कब्जे और अवैध निर्माण हटाए जाएंगे।

नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस का अमला मिलकर सड़कों पर उतरेगा। दुकानों के बाहर निकले शेड और ओटले हटाए जाएंगे। काउंटर और बाहर रखा सामान भी जब्त किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे यातायात सुचारु होगा और सड़कें खुली नजर आएंगी।

महत्वपूर्ण मार्गों पर संयुक्त कार्रवाई

मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने बताया कि एयरपोर्ट से बड़ा गणपति और बड़ा गणपति से एमजी रोड होते हुए पलासिया तक कार्रवाई होगी। इसी तरह बंगाली चौराहा से तिलक नगर चौराहा तक फुटपाथ खाली कराए जाएंगे।

इन मार्गों को पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया है। ब्रिजों के पास अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर भी सख्ती होगी। ब्रिज के बोगदों को आकर्षक बनाने और तार फेंसिंग करने की बात भी कही गई है।

अवैध होर्डिंग और अधूरे काम पर सख्ती

बैठक में यह भी सामने आया कि शहर में अवैध होर्डिंग और पोस्टर बढ़ गए हैं। अधिकारियों को इन्हें चिन्हित कर दस दिन में हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

मेयर ने मधुमिलन चौराहे का काम अधूरा होने पर नाराजगी जताई। कई हिस्सों में काम अभी बाकी है जिससे ट्रैफिक की दिक्कत हो रही है। अफसरों को समय सीमा में काम पूरा करने को कहा गया है। यह निर्माण दो साल से जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *