Bhagirathpura Tragedy: भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी संख्या पहुंची सत्ताइस

Bhagirathpura Tragedy: इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से हो रही मौतों का सिलसिला अब भी थम नहीं रहा है। शुक्रवार को इलाज के दौरान एक महिला और एक पुरुष की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सत्ताइस हो गई है। इलाके में रोज नए मरीज सामने आ रहे हैं और लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

शुक्रवार को बयासी साल की विद्याबाई यादव और तिरसठ साल के बद्रीप्रसाद की मौत हो गई थी। इस खबर के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। लोग लगातार हो रही मौतों से डरे और नाराज दोनों हैं।

अस्पताल में अब भी गंभीर मरीज भर्ती

भागीरथपुरा के दस मरीजों का अब भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से दो मरीजों की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं लेकिन स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

इलाके से रोज उल्टी दस्त की शिकायत लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। परिजन अपने बीमार परिजनों को लेकर लगातार इलाज के लिए भटक रहे हैं। लोगों का कहना है कि हालात अब नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं।

चक्काजाम और नेताओं की मौजूदगी से बढ़ा दबाव

आज सुबह एक मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। चिंटू चौकसे राजू भदौरिया अमित पटेल दीपू यादव सहित कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंचे।

लगातार बढ़ती मौतों और बीमारियों से क्षेत्र के लोग गुस्से में हैं। लोग जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और साफ पानी की सुरक्षित आपूर्ति की मांग तेज हो गई है। भागीरथपुरा में हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *