Bhagirathpura Indore news: इंदौर के भागीरथपुरा में जन्मदिन पार्टी के बाद 30 से अधिक लोग बीमार, भोजन सैंपल जांच के लिए भेजे

Bhagirathpura Indore news: इंदौर शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में एक जन्मदिन पार्टी के बाद 30 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने की सूचना है। अधिकांश लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। हालांकि किसी को गंभीर हालत में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

जानकारी के अनुसार भागीरथपुरा की शुक्ला गली में शनिवार को एक बच्चे का जन्मदिन मनाया गया था, जिसमें 40 से अधिक मेहमान शामिल हुए थे। पार्टी में दाल-बाफले सहित अन्य व्यंजन परोसे गए थे। रविवार सुबह कई लोगों ने पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत की, जिसके बाद उन्होंने निजी क्लीनिकों में उपचार कराया।

परिजनों का कहना है कि खाना घर पर तैयार किया गया था और बोरिंग के पानी का उपयोग किया गया था। डॉक्टरों ने प्राथमिक रूप से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सरकारी डिस्पेंसरी में दो मामलों की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य मरीज निजी स्तर पर उपचार करा रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भोजन के सैंपल लिए हैं। साथ ही नगर निगम द्वारा पानी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *