Author: Chayan__09

  • 58% डीए का ऐलान: सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत, 7 लाख से ज्यादा को मिलेगा फायदा

    MP DA Hike 2026 प्रदेश सरकार ने शासकीय सेवकों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा कर दी है। सोमवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस फैसले को सार्वजनिक किया। इस निर्णय से करीब 7 लाख से अधिक कार्यरत कर्मचारी और लगभग 3 लाख पेंशनर्स सीधे लाभान्वित होंगे। बढ़ती महंगाई के बीच इसे बड़ी आर्थिक राहत के रूप में देखा जा रहा है।

    अप्रैल से लागू होगा 58 प्रतिशत डीए

    सरकार ने महंगाई भत्ते की नई दर 58 प्रतिशत तय की है। यह वृद्धि अप्रैल माह से प्रभावी मानी जाएगी, जबकि बढ़ी हुई राशि का भुगतान मई में मिलने वाले अप्रैल के वेतन के साथ किया जाएगा। यानी कर्मचारियों को संशोधित डीए का लाभ मई की सैलरी में दिखाई देगा।

    500 से 4300 रुपये तक बढ़ेगी मासिक आय

    डीए बढ़ोतरी का असर अलग-अलग वेतनमान के अनुसार होगा। अनुमान है कि कर्मचारियों के वेतन में हर महीने लगभग 500 रुपये से लेकर 4300 रुपये तक की वृद्धि हो सकती है। यह बढ़ोतरी मूल वेतन, ग्रेड पे और सेवा श्रेणी पर निर्भर करेगी। उच्च वेतनमान वाले अधिकारियों को अपेक्षाकृत अधिक लाभ मिलेगा, वहीं निम्न श्रेणी के कर्मचारियों को भी निश्चित अतिरिक्त राशि का फायदा मिलेगा।

    यदि वर्गवार संभावित लाभ देखें तो प्रथम श्रेणी के अधिकारियों को लगभग 2397 से 4230 रुपये तक अतिरिक्त मिल सकते हैं। द्वितीय श्रेणी के कर्मचारियों को 1683 से 2019 रुपये तक फायदा होगा। तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों को 585 से 1473 रुपये तक और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को 465 से 556 रुपये तक मासिक बढ़ोतरी का लाभ मिलने की संभावना है।

    कोषालय अधिकारियों को वाहन किराए की अनुमति

    वित्तीय प्रशासन से जुड़ा एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया है। कोष एवं लेखा विभाग के अंतर्गत आने वाले कोषालय अधिकारियों को अब किराए पर वाहन लेने की अनुमति दे दी गई है। इससे शासकीय कार्यों में गति और सुविधा बढ़ने की उम्मीद है।

    8.25 प्रतिशत पर बरकरार रही ईपीएफ ब्याज दर

    कर्मचारी भविष्य निधि संगठन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ब्याज दर 8.25 प्रतिशत ही बनाए रखने का निर्णय लिया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे देशभर के लगभग 7 करोड़ खाताधारकों को स्थिर रिटर्न मिलता रहेगा।

    आर्थिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम

    महंगाई भत्ते में वृद्धि और ईपीएफ ब्याज दर को स्थिर रखने के फैसले को सरकार की ओर से कर्मचारियों और पेंशनर्स की क्रय शक्ति बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे लाखों परिवारों की मासिक आय और बचत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

  • Bhagoria festival 2026: भगोरिया आदिवासी भाई-बहनों का लोकप्रिय पर्व है: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

    अलीराजपुर आदिवासी अंचल का लोकप्रिय भगोरिया पर्व आज आलीराजपुर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भगोरिया आदिवासी भाई-बहनों का प्रकृति प्रेम प्रकट करने वाला प्रमुख त्यौहार है। यह पर्व रबी फसल की कटाई के बाद होली से पूर्व मनाया जाता है और सामाजिक एकता का संदेश देता है।

    कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान तथा सांसद अनीता नागर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा जननायकों को उचित सम्मान दिलाया जा रहा है।

    भगोरिया के अंतिम दिन जनप्रतिनिधियों ने मांदल की थाप पर आदिवासी समाज के साथ पारंपरिक नृत्य कर उत्सव की खुशियों में सहभागिता की। रंग-बिरंगी वेशभूषा और लोकनृत्य ने पूरे आयोजन को सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत रूप दे दिया।

  • Barwani News: किसान कल्याण वर्ष में ऐतिहासिक पहल, नागलवाड़ी में होगी प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट

    Barwani News: किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अनूठी पहल पर 2 मार्च को बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल ग्राम नागलवाड़ी में प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट आयोजित होगी। इस ऐतिहासिक बैठक में मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रीमंडल शामिल होगा और किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अन्नदाताओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। नागलवाड़ी से किसानों और जनजातीय समाज के कल्याण से जुड़े अहम फैसले लिए जाएंगे।

    लोकदेवता भिलटदेव के आंगन से नई शुरुआत

    लगभग 800 वर्ष पुराने भिलट देव मंदिर के सान्निध्य में यह कैबिनेट आयोजित होगी। कृषि कैबिनेट के बाद मंत्रीमंडल मंदिर में दर्शन भी करेगा। कार्यक्रम स्थल को निमाड़ी लोकसंस्कृति के अनुरूप सजाया गया है, जहां प्रदर्शनी, किसानों से संवाद और जनजातीय कल्याण पर विशेष फोकस रहेगा।

    निमाड़ी संस्कृति की झलक

    कैबिनेट स्थल पर निमाड़ के पारंपरिक लोकरंग दिखाई देंगे। भोजन में मक्के की रोटी, अमाड़ी की भाजी, दाल पानिये, छाछ, कोदो पुलाव और रागी की बालूशाही जैसे निमाड़ी व्यंजन परोसे जाएंगे। आयोजन स्थल पर डोम, पैगोडा और हट की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें कैबिनेट बैठक, प्रदर्शनी, मीडिया ब्रीफिंग और भोजन शाला शामिल हैं।

    कृषि कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद जुलवानिया में आयोजित भगोरिया उत्सव में भी शामिल होंगे।

  • Alirajpur News: चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचे प्रभारी कलेक्टर जितेंद्र सिंह चौहान, आजाद कुटिया में किया नमन

    Alirajpur News: अलीराजपुर  प्रभारी कलेक्टर जितेंद्र सिंह चौहान ने चंद्रशेखर आजाद नगर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली आजाद कुटिया पहुंचकर श्रद्धापूर्वक नमन किया और परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने आजाद कुटिया में स्थित पुस्तकालय भी देखा।

    इसके बाद प्रभारी कलेक्टर ने अनुविभागीय कार्यालय के सभा कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR कार्यों में तेजी लाई जाए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित किया जाए।

    श्री चौहान ने अधिक से अधिक हितग्राहियों से आवेदन एकत्रित कर समय पर निराकरण करने पर जोर दिया, ताकि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। बैठक में एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्री जितेंद्र तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • Indore News: दुबई में फंसे इंदौर के व्यापारी सुरक्षित, उड़ानें रद्द होने से वापसी में लगेगा समय

    Indore News: इंदौर से दुबई गए व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के परिजनों ने जानकारी दी है कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण उनकी वापसी में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। फिलहाल हवाई उड़ानें पूरी तरह निरस्त कर दी गई हैं। हालांकि सभी लोग वहां सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

    परिजनों के अनुसार हालात सामान्य होने के बाद ही उड़ानों का संचालन फिर से शुरू होगा। फिलहाल एयरपोर्ट पर आवाजाही प्रभावित है और यात्री अपने-अपने ठहराव स्थलों पर सुरक्षित हैं।

    दुबई व्यापार और निवेश का प्रमुख केंद्र

    इंदौर के निवेश सलाहकार पुनीत पांडेय का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियां अस्थायी हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। उनके अनुसार दुबई भौगोलिक स्थिति और वैश्विक कनेक्टिविटी के कारण व्यापार और पर्यटन का बड़ा केंद्र बन चुका है। भारत सहित कई देशों के लिए यह व्यापार का मुख्य द्वार है।

    उन्होंने कहा कि दुबई में निवेश की संभावनाएं मजबूत हैं और वैश्विक स्तर पर इसकी रणनीतिक स्थिति इसे लगातार आगे बढ़ा रही है।

  • छकतला भगोरिया में कलेक्टर नीतू माथुर और एसपी रघुवंश सिंह हुए शामिल, जनजातीय नृत्य दलों संग थिरके

    Bhagoria festival Alirajpur: अलीराजपुर जिले के छकतला में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में कलेक्टर नीतू माथुर एवं पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने पारंपरिक साफा धारण किया और तीर-कमान के साथ जनजातीय संस्कृति का सम्मान किया।

    उत्सव के दौरान उन्होंने मेले में सजी दुकानों और झूलों का अवलोकन किया। मांदल और ढोल की थाप पर रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों के साथ नृत्य करते हुए अधिकारियों ने भी लोकसंस्कृति का आनंद लिया। संस्कृति विभाग के दलों द्वारा धार के भील नृत्य, छिंदवाड़ा के भारिया नृत्य और हरदा के कोरकू नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।

    कलेक्टर नीतू माथुर ने कलाकारों को सम्मानित करते हुए कहा कि भगोरिया केवल उत्सव नहीं बल्कि जनजातीय समाज की पहचान है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी नृत्य दलों के साथ थिरककर उत्सव की खुशियों में सहभागिता की।

  • Devi Ahilya University news: इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में छात्रा हॉस्टल से निष्कासित, जांच समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई

    Devi Ahilya University news: इंदौर। इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में एक छात्रा को आपत्तिजनक आचरण के आरोपों के बाद हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। मामला तक्षशिला परिसर की एक अध्ययनशाला से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां प्रथम वर्ष की छात्रा कमला नेहरू हॉस्टल में रह रही थी।

    रूममेट की शिकायत पर हॉस्टल प्रबंधन ने जांच शुरू की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि छात्रा रूममेट्स को डेटिंग ऐप के जरिए बॉयफ्रेंड बनाने के लिए प्रेरित करती थी और कमरे में वीडियो कॉल के दौरान आपत्तिजनक व्यवहार करती थी। विरोध करने पर रूममेट ने कमरा छोड़ दिया और वार्डन से शिकायत की।

    मामले की जानकारी कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई को दी गई, जिसके बाद चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। समिति ने छात्राओं के बयान दर्ज किए और तीन दिनों तक जांच की। रिपोर्ट के आधार पर छात्रा को हॉस्टल से बाहर करने का निर्णय लिया गया है।

    विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल छात्रा को विभाग से निष्कासित नहीं किया गया है। कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई के अनुसार, छात्रा को पढ़ाई से वंचित नहीं किया जा सकता, इसलिए आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

    मामले में विश्वविद्यालय ने आंतरिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है और छात्रा के परिजनों से भी संपर्क किया गया है।

  • Nagalwadi Bhagoria 2026: नागलवाड़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक व भगोरिया उत्सव की तैयारियों का निरीक्षण, प्रशासन हुआ सक्रिय

    Nagalwadi Bhagoria 2026: बड़वानी, 28 फरवरी 2026 किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक एवं भगोरिया उत्सव कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। तैयारियों का जायजा लेने वरिष्ठ अधिकारियों ने नागलवाड़ी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी इंदौर अनुराग, डीआईजी खरगोन रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा तथा कलेक्टर जयति सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने बैठक स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और पार्किंग व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

    अधिकारियों ने बाबा भिलट देव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और भगोरिया उत्सव के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया। पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    आईजी एवं डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा समन्वय को लेकर आवश्यक ब्रीफिंग भी दी, ताकि सांस्कृतिक आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

  • Holika Dahan 2026 Alirajpur : पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर होलिका दहन करें: कलेक्टर श्रीमती माथुर

    Alirajpur, 28 फरवरी 2026। कलेक्टर नीतू माथुर ने जिलेवासियों से अपील की है कि इस वर्ष होली का पर्व पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मनाया जाए। उन्होंने कहा कि होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर उपलों एवं गौकाष्ठ का उपयोग किया जाए, जिससे वनों की कटाई पर रोक लगे और पर्यावरण को संरक्षित किया जा सके।

    कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का निःशुल्क पंजीयन कराया जाएगा। पंचायत स्तर पर जिला मुख्यालयों एवं अन्य स्थानों पर तहसील व नगरीय निकायों के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था रहेगी।

    उन्होंने यह भी घोषणा की कि सार्वजनिक होलिका दहन में गौकाष्ठ का उपयोग करने वाली संस्थाओं एवं पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

    कलेक्टर ने नागरिकों से प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों से होली खेलने, पानी की बचत करने, पशु-पक्षियों को रंगों से दूर रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

  • Barwani court news: नेशनल लोक अदालत की तैयारी, बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं के साथ हुई प्री-सिटिंग

    Barwani court news: बड़वानी, 27 फरवरी 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बड़वानी में प्री-सिटिंग बैठक आयोजित की गई।

    यह बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में तथा विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी नेशनल लोक अदालत रईस खॉन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

    बैठक में एमएसीटी प्रकरणों में ऐसे राजीनामा योग्य मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक प्रकरण 14 मार्च को आयोजित नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत कर निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं ने अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के लिए सहमति व्यक्त की।

    बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अन्य न्यायिक अधिकारी तथा विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।