Satyasai chauraha flyover:इंदौर के सत्यसांई चौराहे पर बन रहे फ्लायओवर ब्रिज का निर्माण तेज कर दिया गया है और इसे एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए दिनरात निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान निर्माण में आ रही बाधाओं को हटाने के लिए एक होटल और उसके पास बना महिला सुविधा घर तोड़ दिया गया है।
प्रशासन और निर्माण एजेंसी का कहना है कि ब्रिज का काम तय समय में पूरा करने के लिए यह जरूरी कदम उठाया गया है। इससे पहले इसी मार्ग पर बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई भी की जा चुकी है। अब बाधाएं हटने के बाद काम और तेज होने की उम्मीद है।
एक साल में ब्रिज तैयार करने का लक्ष्य
सत्यसांई चौराहे पर फ्लायओवर ब्रिज का निर्माण मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सर्विस रोड पर बने होटल और महिला सुविधा घर के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।
इन संरचनाओं को हटाने के बाद अब पिलर और अन्य तकनीकी काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इंजीनियर्स का कहना है कि आधुनिक तकनीक से बनाए जा रहे इस ब्रिज को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह सौ साल तक भारी ट्रैफिक का भार सह सकेगा।
निरीक्षण के बाद लिए गए सख्त फैसले
हाल ही में कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंगल ने शहर में बन रहे चार फ्लायओवर ब्रिज का निरीक्षण किया था। इसमें सत्यसांई चौराहा भी शामिल था। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों से समस्याएं जानी गईं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए।
इससे पहले फ्लायओवर को आकार देने के लिए करीब डेढ़ सौ पेड़ों की कटाई की जा चुकी है। यह कार्रवाई रात के समय हुई थी और इसे लेकर पहले ही सवाल उठ चुके हैं। अब होटल और सुविधा घर हटने के बाद एक बार फिर इस परियोजना को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है।

दोस्तों में प्रवाह टाइम्स के माध्यम से आप तक खबर पहुचाता हूं, मुझे लेख लिखने का अनुभव पिछले दो सालो से है. अगर आप मुझसे सोशल मीडिया पर कनेक्ट करना चाहते हे तो निचे मेरे सोशल मीडिया हैंडल दिए गए हैं





