Indore infrastructure news: इंदौर में शास्त्री ब्रिज की जगह बनेगा छह लेन का आधुनिक पुल, रेलवे और नगर निगम ने शुरू की तैयारी

Indore infrastructure news

Indore infrastructure news: इंदौर शहर के पूर्वी और मध्य हिस्से को जोड़ने वाला करीब 70 वर्ष पुराना शास्त्री ब्रिज अब जल्द ही इतिहास बनने जा रहा है। उसकी जगह एक आधुनिक छह लेन का नया ब्रिज बनाया जाएगा। रेलवे स्टेशन के विस्तार और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नगर निगम और भारतीय रेलवे ने इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है।

शनिवार को नगर निगम और रेलवे के अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उस हिस्से का दौरा किया, जहां नया ब्रिज निर्माण प्रस्तावित है। रेलवे स्टेशन के विस्तार कार्य के दौरान पुराने शास्त्री ब्रिज की संरचना के कारण प्लेटफॉर्म समान रूप से लंबे नहीं हो पा रहे हैं, जिसके चलते नए पुल की योजना तैयार की गई है।

पुराना शास्त्री ब्रिज दो लेन का है, जिससे कई बार वाहनों को ओवरटेक करने में दिक्कत होती है और वाहन खराब होने पर जाम की स्थिति बन जाती है। नया ब्रिज छह लेन का होगा और उसकी ऊंचाई भी अधिक रखी जाएगी, ताकि भविष्य में रेल यातायात और शहरी ट्रैफिक दोनों सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

अधिकारियों के अनुसार नए पुल के निर्माण में जमीन की विशेष समस्या नहीं आएगी। एक ओर गांधी हॉल का बगीचा और दूसरी ओर रीगल टॉकीज की इमारत स्थित है, जो नगर निगम के अधीन हैं।

बताया गया है कि नए ब्रिज की डिजाइन रेलवे द्वारा तैयार कर ली गई है और जल्द ही मिट्टी परीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। नए रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य के दौरान कुछ रेलगाड़ियों का संचालन पार्क रोड की ओर से किया जाएगा। इसी अवधि में नए ब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू करने की योजना है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment