Mahalakshmi Nagar news: इंदौर के महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक पुजारी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। कार के भीतर सतीश शर्मा का शव मिला जिनके सिर में गोली लगी थी। कार अंदर से लॉक थी और पिस्टल भी कार में ही पड़ी मिली जिससे मामला और उलझ गया है।
यह घटना लसुड़िया क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर की है। पुलिस को सुबह सूचना मिली कि कॉलोनी के सूने हिस्से में खड़ी एक कार में शव पड़ा है। कांच तोड़कर गेट खोला गया और शव को बाहर निकाल कर एमवाय अस्पताल भेजा गया।
सतीश शर्मा मंदिर में पुजारी थे। वह रात को पाटनीपुरा से पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
कार अंदर से लॉक पिस्टल भी भीतर मिली
सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने कार देखी तो अंदर सतीश का शव मिला। कार अंदर से लॉक थी और जिस पिस्टल से गोली चली वही पिस्टल कार में रखी थी। सिर में गोली लगने के निशान साफ दिखे।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार वहां कब और कैसे पहुंची। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।
परिवार और पुराने विवाद की भी जांच
सतीश के दो बच्चे हैं। वह मूल रूप से अशोक नगर के रहने वाले थे और कुछ साल पहले इंदौर आकर बसे थे। पुलिस यह भी पता कर रही है कि उनकी किसी से पुरानी रंजिश तो नहीं थी।
पारिवारिक विवाद के एंगल से भी जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों ने किसी तरह के विवाद की बात नहीं कही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

दोस्तों में प्रवाह टाइम्स के माध्यम से आप तक खबर पहुचाता हूं, मुझे लेख लिखने का अनुभव पिछले दो सालो से है. अगर आप मुझसे सोशल मीडिया पर कनेक्ट करना चाहते हे तो निचे मेरे सोशल मीडिया हैंडल दिए गए हैं





