Alirajpur news: अलीराजपुर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जिले में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सर्वप्रथम आजाद स्मृति मंदिर पहुंचकर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम मंडी प्रांगण, चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित होगा, जहां वे आमजन को संबोधित करेंगे।
171.19 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री के करकमलों द्वारा जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 79.92 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 14 कार्यों का लोकार्पण तथा 119.02 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। कुल 171.19 करोड़ रुपये की परियोजनाएं जिलेवासियों को समर्पित होंगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उदयगढ़ भगोरिया में भी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उदयगढ़ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में भी सम्मिलित होंगे। वे उत्सव स्थल पर पहुंचकर जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देंगे।
भगोरिया पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। फसल कटाई के बाद मनाया जाने वाला यह उत्सव प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। मांदल की थाप, लोकगीतों की मधुर धुन और रंग-गुलाल से सजा वातावरण पूरे अंचल को उत्सवमय बना देता है। इस अवसर पर दूर-दूर से लोग भगोरिया हाट में शामिल होने पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री का यह प्रवास सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जनजातीय समाज के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दोस्तों में प्रवाह टाइम्स के माध्यम से आप तक खबर पहुचाता हूं, मुझे लेख लिखने का अनुभव पिछले दो सालो से है. अगर आप मुझसे सोशल मीडिया पर कनेक्ट करना चाहते हे तो निचे मेरे सोशल मीडिया हैंडल दिए गए हैं




