Category: Barwani News

  • Barwani court news: नेशनल लोक अदालत की तैयारी, बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं के साथ हुई प्री-सिटिंग

    Barwani court news: बड़वानी, 27 फरवरी 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बड़वानी में प्री-सिटिंग बैठक आयोजित की गई।

    यह बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में तथा विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी नेशनल लोक अदालत रईस खॉन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

    बैठक में एमएसीटी प्रकरणों में ऐसे राजीनामा योग्य मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक प्रकरण 14 मार्च को आयोजित नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत कर निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं ने अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के लिए सहमति व्यक्त की।

    बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अन्य न्यायिक अधिकारी तथा विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

  • Barwani mandi news: ई-उपार्जन पोर्टल पर गेहूं और चना पंजीयन शुरू, गेहूं 7 मार्च तक और चना 16 मार्च तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

    Barwani mandi news: बड़वानी, 26 फरवरी 2026। भारत सरकार की प्राइस डिफिसिट पेमेंट स्कीम के तहत रबी वर्ष 2025-26 विपणन वर्ष 2026-27 के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों का पंजीयन प्रारंभ हो गया है। जिले के किसान समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए 7 मार्च तक तथा चना विक्रय के लिए 16 मार्च तक अपना पंजीयन करा सकेंगे।

    जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं और चना विक्रय हेतु किसान एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क और लोक सेवा केंद्रों पर सशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के समय खाता-खसरा या पावती की छायाप्रति, समग्र आईडी, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड आवश्यक रहेगा। साथ ही आधार से लिंक बैंक खाते की छायाप्रति भी देना अनिवार्य होगा।

    इन केंद्रों पर निःशुल्क पंजीयन सुविधा

    किसान स्वयं के मोबाइल से भी पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों, सहकारी समितियों और सहकारी विपणन समितियों द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है।

    जिले की विभिन्न सहकारी संस्थाओं जैसे तलवाड़ा बुजुर्ग, बड़वानी, बोरलाय, सिलावद, पाटी, अंजड़, रणगांव, ठीकरी, दवाना, ब्राह्मणगांव, ओझर, राजपुर, बलवाड़ी, धनोरा, निवाली, पानसेमल, खेतिया और सेंधवा सहित अन्य केंद्रों पर भी पंजीयन किया जाएगा।

    किसानों से समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की गई है, ताकि समर्थन मूल्य योजना का लाभ सुगमता से मिल सके

  • Barwani news: बड़वानी में जनवरी माह रहा यातायात जागरूकता माह, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित

    Barwani news: बड़वानी। भोपाल के निर्देशन में बड़वानी पुलिस द्वारा जनवरी 2026 को जिले में यातायात जागरूकता माह के रूप में मनाया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    यातायात थाना प्रभारी विनोद बघेल के नेतृत्व में आमजन को यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने के संदेश दिए गए।

    अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, रैलियां, शपथ कार्यक्रम और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों और नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए पम्पलेट वितरित किए गए। संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने नाटक, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से सक्रिय सहभागिता निभाई।

    उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 24 फरवरी को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में महिला डेस्क की काउंसलर श्रीमती अनीता चोयल को भी उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

    प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने कहा कि यातायात जागरूकता केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने का संकल्प है।

  • Niwali accident news: मोटरयान दुर्घटना मामले में कलेक्टर ने 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की

    Niwali accident news: बड़वानी, 24 फरवरी 2026 कलेक्टर एवं दावा निपटान आयुक्त जयति सिंह ने मोटरयान दुर्घटना अधिनियम के अंतर्गत आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 नवंबर 2024 को निवाली क्षेत्र के कुसम्या फलिया में मनोज सेठ के गोदाम के सामने एक अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारकर भाग जाने की घटना में रायसिंग पिता मुराज्या डावर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले की जांच एवं प्रकरण के परीक्षण के उपरांत उन्हें प्रतिकर स्वरूप 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

    यह सहायता मोटरयान दुर्घटना अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रदान की गई है।

  • Barwani administration update: बड़वानी में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक, जनगणना 2027 की तैयारियों पर चर्चा

    Barwani administration update: बड़वानी जनगणना 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागृह में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक जनगणना निदेशालय भोपाल द्वारा नियुक्त जिला जनगणना प्रभारी निखिल तिवारी एवं अपर कलेक्टर सोहन कनाश की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।

    बैठक में जनगणना के विभिन्न चरणों, समय-सीमा तथा आवश्यक नियुक्तियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने क्रय समिति के गठन, आउटसोर्स कर्मियों की नियुक्ति, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं चार्ज अधिकारियों की तैनाती से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी साझा की।

    अपर कलेक्टर सोहन कनाश ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा का पालन करते हुए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए समन्वय पर बल दिया गया।

  • एसटी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में बड़वानी के 5 खिलाड़ी करेंगे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

    बड़वानी एसटी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन 21 से 27 फरवरी तक रायपुर, छत्तीसगढ़ में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिला हॉकी संघ बड़वानी के पांच खिलाड़ी मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    पुरुष वर्ग में रामजय चौहान और विजय सुलिया, जबकि महिला वर्ग में कुमारी रजनी वास्कले, कुमारी केसर भाभर एवं कुमारी शिवानी बामनिया का चयन मध्यप्रदेश टीम में हुआ है। पुरुष टीम की कप्तानी रामजय चौहान करेंगे।

    टीमों का प्रशिक्षण शिविर क्रमशः भोपाल एवं ग्वालियर में आयोजित किया जा रहा है। यहां से टीम 20 फरवरी को रायपुर के लिए प्रस्थान करेगी। प्रतियोगिता में देशभर की 16 टीमें भाग लेंगी, जिनमें से श्रेष्ठ 8 टीमें खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए क्वालीफाई करेंगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित है।

    खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जनजाति कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री जे.एस. डामोर, खेल अधिकारी श्रीमती संतरा नीमामा, जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों एवं अन्य खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

  • Barwani board exam 2026: बड़वानी में 10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षाएँ शांतिपूर्ण संपन्न, 57 केंद्रों पर हुई परीक्षा

    Barwani board exam 2026: बड़वानी जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएँ निर्धारित समय-सारणी के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हुईं। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं, जिससे परीक्षाएँ अनुशासित और सुव्यवस्थित वातावरण में आयोजित हो सकीं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं के साइकोलॉजी विषय की परीक्षा जिले के दो केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस विषय में कुल 2 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, किंतु दोनों ही परीक्षा में अनुपस्थित रहे।

    वहीं कक्षा 10वीं के संस्कृत विषय की परीक्षा जिले के सभी 57 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। इस विषय में कुल 9307 छात्र-छात्राएँ पंजीकृत थे, जिनमें से 8988 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 319 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

    परीक्षाओं के सुचारू संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को पूर्व में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही सभी केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।

    प्रशासन ने बताया कि किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल या व्यवधान संबंधी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

  • Barwani electricity news: 20 फरवरी को बड़वानी में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक

    बड़वानी विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण हेतु विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक का आयोजन 20 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह बैठक एस.टी.एम. कार्यालय, बड़वानी में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी।

    बैठक में विद्युत बिल, मीटर, वोल्टेज, अधिक बिलिंग, त्रुटिपूर्ण रीडिंग तथा अन्य विद्युत संबंधी लंबित प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी। ऐसे सभी उपभोक्ता जिनकी शिकायतें लंबित हैं, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर मंच के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

    शिकायत दर्ज करने हेतु आवेदन फार्म संभागीय कार्यालय, ओल्ड पावर हाउस, रणजीत क्लब के पीछे, बड़वानी से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।

    बड़वानी से जुड़ी अन्य ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए   Barwani News सेक्शन देखें।

  • Barwani wildlife update: बड़वानी में 20 व 22 फरवरी को होगी प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना, वन विभाग ने की तैयारी

    Barwani wildlife update: बड़वानी वन विभाग द्वारा मध्यप्रदेश में प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना का कार्य 20 फरवरी और 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह गणना प्रदेश के सभी 63 वन मंडलों में एक साथ संपन्न होगी। बड़वानी जिले में भी वन अमले द्वारा इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    वन विभाग के अनुसार गिद्धों की पहचान और प्रजातिवार गणना एक तकनीकी प्रक्रिया है, जिसे प्रशिक्षित क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से किया जाएगा। गिद्ध पारिस्थितिक तंत्र में सफाईकर्मी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और मृत पशुओं के अवशेषों को नष्ट कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं।

    जानकारी के मुताबिक वर्ष 1990 से 2003 के बीच गिद्धों की संख्या में लगभग 98 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी। विशेषज्ञों के अनुसार पशुओं को दी जाने वाली दर्दनिवारक दवा डायक्लोफ्नेक इसके प्रमुख कारणों में शामिल रही है। इस दवा से उपचारित पशु के शव को खाने पर गिद्धों की मृत्यु हो जाती है। वहीं मेलोक्सिकैम दवा को गिद्धों के लिए सुरक्षित माना गया है।

    विश्वभर में गिद्धों की 23 प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से 9 प्रजातियां भारत में और 7 प्रजातियां मध्यप्रदेश में देखी जाती हैं। प्रदेश में गिद्ध गणना का कार्य वर्ष 2016 से प्रारंभ हुआ, जिसे शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन सत्र में वर्ष में दो बार आयोजित किया जाता है।

    आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2016 में प्रदेश में 7057 गिद्ध दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2024 की गणना में यह संख्या बढ़कर 10845 हो गई है। गिद्ध गणना का मुख्य उद्देश्य उनकी आबादी के रुझान समझना, स्वास्थ्य का आकलन करना और संरक्षण योजनाओं को प्रभावी बनाना है।

    वन विभाग का कहना है कि यह पहल गिद्धों की घटती संख्या को नियंत्रित करने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    बड़वानी से जुड़ी अन्य ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए   Barwani News सेक्शन देखें।

  • Keramla news: सरकारी राशन के दुरुपयोग पर कार्रवाई, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज

    Keramla news: महिला एवं बाल विकास विभाग तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम चिलारिया से आवंटित सरकारी गेहूं के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई की गई है। सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम केरमला में दबिश देकर एक दुकान के बाहर से 02 सीलबंद बोरे बरामद किए, जिनका कुल वजन 102 किलोग्राम पाया गया।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद गेहूं माँ सप्तश्रृंगी स्व-सहायता समूह को आवंटित था। पीओएस मशीन के रिकॉर्ड एवं भौतिक सत्यापन के दौरान विसंगतियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार, गेहूं को निजी लाभ के लिए बाजार में बेचने के उद्देश्य से भेजा गया था। जब्त किए गए अनाज की अनुमानित कीमत 2,346 रुपये आंकी गई है।

    इस मामले में पुलिस ने संबंधित आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में वरला नायब तहसीलदार श्री संतोष कोठारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सेंधवा श्रीमती लाली खराड़ी तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी वरला श्रीमती गीता डावर शामिल रहे। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक श्री महताब सिंह चौहान द्वारा की जा रही है।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े मामलों में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।